चंद्रबाबू नायडू गिरफ्तार: आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एपी कौशल विकास भ्रष्टाचार में हुए गिरफ्तार

टीडीपी नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को कथित आंध्र प्रदेश कौशल विकास निगम घोटाले में आज सुबह लगभग 6 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी हैदराबाद से लगभग 300 किलोमीटर दूर नंदयाला शहर के ज्ञानपुरम में आर के फंक्शन हॉल से हुई है। उनके साथ कई टीडीपी नेताओं को भी नजरबंद किया गया है।
टीडीपी समर्थकों की पुलिस कर्मियों से झड़प के चलते उन्हें गिरफ्तारी के बाद विजयवाड़ा स्थानांतरित कर दिया गया।
आंध्र प्रदेश में ₹3,300 करोड़ के कथित घोटाले में तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को राज्य पुलिस मुख्य अभियुक्त मान रही है। चंद्रबाबू नायडू को आईपीसी की धारा 120बी (आपराधिक साजिश), 420 (धोखाधड़ी), और 465 (जालसाजी) में गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश सीआईडी ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएँ भी लगाई हैं।
आंध्र प्रदेश सीआईडी के अतिरिक्त डीजीपी एन संजय ने बताया कि यह मामला आंध्र प्रदेश में उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना से संबन्धित है।
क्या है आंध्र प्रदेश कौशल विकास भ्रष्टाचार मामला?
टीडीपी सरकार के दौरान आंध्र प्रदेश कौशल विकास निगम की स्थापना 2016 में हुई थी। इसके द्वारा बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करके रोजगार परक और सशक्त बनाया जाना था।
आंध्र प्रदेश सीआईडी ने मार्च में ₹3,300 करोड़ के कथित घोटाले की जांच शुरू की थी। इसमें परियोजना को उचित निविदा प्रक्रिया का पालन नहीं करने और आंध्र प्रदेश कैबिनेट से परियोजना की मंजूरी मिले बिना ही शुरू करने की बात सामने आई थी।